• Latest Posts

    अनुकरण नहीं, आत्मखोज- ओशो

    not-imitation-but-self-discovery-osho


    अनुकरण नहीं, आत्मखोज- ओशो

              प्रत्येक व्यक्ति अद्वितीय है और इसलिए जब कोई व्यक्ति राम का अनुसरण करके राम बनने की कोशिश करता है, बुद्ध का अनुसरण करके बुद्ध बनने की कोशिश करता है, तभी भूल हो जाती है। इस जगत में परमात्मा ने प्रत्येक को अद्वितीय बनाया है। कोई किसी का अनुकरण करके कुछ भी नहीं बन सकेगा। एक थोथा पाखंड और एक अभिनय भर होकर रह जाएगा। क्या इस बात के संबंध में इतिहास प्रमाण नहीं है? बुद्ध को मरे पच्चीस सौ वर्ष हुए, क्राइस्ट को मरे दो हजार वर्ष होते हैं। इन दो हजार वर्ष में कितने लोगों ने बुद्ध के पीछे चलने की कोशिश की है और कितने लोगों ने क्राइस्ट के? क्या कोई दूसरा क्राइस्ट या दूसरा बुद्ध पैदा होता है? क्या यह दो हजार वर्ष, ढाई हजार वर्ष का असफल प्रयास इस बात की सूचना नहीं है कि यह कहीं गलत है?

    असल में कोई मनुष्य किसी दूसरे मनुष्य जैसा नहीं हो सकता। जब भी मनुष्य किसी दूसरे जैसा होने की कोशिश करता है तभी वह अंत में, एक कांफिलक्ट में, एक परेशानी में पड़ जाता है। जो वह है उसे तो भूल जाता है और जो होना चाहता है, उसकी कोशिश पैदा कर लेता है। इस भांति उसके भीतर एक बेचैनी, एक अशांति और एक संघर्ष पैदा हो जाता है। परमात्मा को तो केवल वे ही पा सकते हैं जो शांत हों। जो अशांत है, वे कैसे पा सकेंगे? जो व्यक्ति भी किसी दूसरे की नकल में कुछ होना चाह रहा है, वह अनिवार्यतया अशांत हो जाएगा। उसकी अशांति उसे परमात्मा के पास नहीं पहुंचा सकेगी। अगर जूही के फूल गुलाब होना चाहें और गुलाब के फूल कमल होना चाहें, तो जैसी बेचैनी और परेशानी में पड़ जाएंगे, वैसी बेचैनी और परेशानी में हम पड़ जाते हैं, जब हम किसी का अनुकरण करते हैं। इसलिए आपसे मैं कहना चाहता हूं, अनुकरण नहीं, आत्मखोज—अनुकरण नहीं, आत्मखोज। 

    - ओशो

    No comments