• Latest Posts

    सत्य बाहर नहीं, गहरी संवेदना के भीतर प्रकट होता है - ओशो

    truth-does-not-lie-outside-it-reveals-itself-within-deep-sensitivity-osho


    सत्य बाहर नहीं, गहरी संवेदना के भीतर प्रकट होता है - ओशो

         अगर एक आदमी मुझसे आकर कहे कि मुझे प्रकाश को जानना है तो क्या मैं उसे सलाह दूंगा कि तुम जाओ और प्रकाश के संबंध में लोगों से समझो। वह तुम्हें जो बताए, उसे याद कर लो तो प्रकाश का पता हो जाएगा? मैं उससे कहूंगा, प्रकाश के संबंध में मत जानने की फिक्र करो, आंख ठीक हो जाए, आंख का उपचार हो जाए, इसकी चिंता करो। अगर आंख का उपचार हो जाए तो प्रकाश का अनुभव होगा। लेकिन अगर आंख का उपचार न हो तो प्रकाश के संबंध में कुछ भी जान लेने से कोई अनुभव नहीं होता है। आंख संवेदना है, प्रकाश सत्य है।

    सत्य के खोजी को भी मैं कहता हूं, ईश्वर के खोजी की भी मैं कहता हूं कि ईश्वर की फिक्र छोड़ दो, संवेदना की फिक्र करो। हमारी जितनी गहरी संवेदना होगी, उतनी ही दूर तक सत्य के हमें दर्शन होते हैं। मैं आपको देख रहा हूं। मेरी देखने की शक्ति आपके शरीर के पार नहीं जाती, मैं आपके शरीर को देखकर वापस लौट आता हूं। अपने को देखता हूं, तो अपने को भी देखने में शक्ति मेरी मन के पार नहीं जाती, तो मन को देखकर वापस लौट जाऊंगा। मेरे देखने की शक्ति जितनी गहरी होगी, उतना गहरा सत्य का मुझे अनुभव होगा।

    जो लोग परमात्मा को अनुभव करते हैं, उनके देखने की शक्ति इतनी तीव्र है कि प्रकृति को पार कर जाते हैं और परमात्मा को देख लेते हैं। प्रकृति से अलग कहीं परमात्मा नहीं बैठा हुआ है। जो चारों तरफ दिखाई पड़ रहा है, इसमें ही वह छिपा है। अगर हमारी आंख गहरी हो तो हम आवरण को पार कर जाएंगे और केंद्र को अनुभव कर लेंगे। इसलिए सवाल ईश्वर की खोज का नहीं, सवाल अपनी संवेदना को गहरा करने का है। हम जितना गहरा-गहरा अनुभव कर सकें, उतने गहरे सत्य हमें प्रकट होने लगेंगे।

    - ओशो

    No comments