सत्य दूर नहीं, जाग्रत संवेदना में यहीं है - ओशो
सत्य दूर नहीं, जाग्रत संवेदना में यहीं है - ओशो
ईश्वर उसे मिलता है, जिसकी संवेदना गहरी हो। न हिमालय पर जाने से मिलता है, न तीर्थों में जाने से मिलता है, न वनों में जाने से मिलता है। संवेदना गहरी हो तो ईश्वर यहीं, इसी क्षण उपलब्ध है। जिसे देखने की शक्ति हो, उसे यहां प्रकाश है और जिसकी आंख ठीक न हो, उसे यहां प्रकाश नहीं है। इसलिए महत्त्वपूर्ण ईश्वर की खोज नहीं, संवेदना की खोज है।
और हम बहुत कम संवेदनशील हैं—हम बहुत ही कम संवेदनशील हैं। हमें कुछ अनुभव ही नहीं होता। हम करीब-करीब मूर्छित होते हैं। रात को अगर चांद निकलता हो, बहुत कम लोग हैं, जो अनुभव करते हों उसके सौंदर्य को। अगर रास्ते के किनारे फूल खिले हों, बहुत कम लोग हैं जो अनुभव करते हों उन फूलों के भीतर छिपे हुए रहस्य को। चारों तरफ प्रकृति का जो मिरेकल, जो चमत्कार घटित हो रहा है, बहुत कम लोग हैं, जो उसे देख सकते हैं। हम अपने में सोए हुए हैं, करीब-करीब सोए हुए लोग हैं।
मैं एक मित्र को लेकर एक पहाड़ी पर गया हुआ था। पूर्णिमा की रात थी, हमने नदी में देर तक नाव पर यात्रा की। वे मेरे मित्र स्विट्जरलैंड होकर लौटे थे। जब तक हम उस छोटी-सी नदी में, उस छोटी-सी नौका पर थे, तब तक वे स्विट्जरलैंड की बातें करते रहे, वहां की झीलों की, वहां के चांद की, वहां के सौंदर्य की। कोई घंटे भर बाद हम वापस लौटे तो बोले, बहुत अच्छी जगह थी जहां आप मुझे ले गए। मैंने उनसे कहा, क्षमा करें, आप वहां पहुंचे नहीं। मैं तो आपको ले गया, आप वहां नहीं थे। मैं तो वहां था, आप वहां नहीं थे। मैंने कहा, आप स्विट्जरलैंड में रहे। और मैं आपको यह भी कह दूं, जब आप स्विट्जरलैंड में रहे होंगे, तब आप वहां भी नहीं रहे होंगे, क्योंकि मैं आपको पहचान गया, आपकी आदत को पहचान गया। तब आप कहीं और रहे होंगे।
हम करीब-करीब सोए हुए हैं। जो हमारे सामने होता है, वह हमें दिखाई नहीं पड़ता है। जो हम सुन रहे हैं, वह हमें सुनाई नहीं पड़ता। मन किन्हीं और चीजों से भरा रहता है। वही व्यक्ति संवेदनशील हो सकता है, जिसका मन शून्य हो। चांद के करीब जिसका मन बिल्कुल शून्य है, वह चांद के सौंदर्य को अनुभव कर लेगा। फूल के करीब जिसका मन बिल्कुल शून्य है, वह फूल के सौंदर्य को अनुभव कर लेगा। अगर मैं आपके पास हूं और मैं बिल्कुल शून्य हूं, तो मैं आपके भीतर जो भी है, उसे अनुभव करूंगा। अगर कोई व्यक्ति परम शून्य को उपलब्ध हो गया है, तो इस जगत के भीतर जो भी छिपा है, उसमें उसकी गति और प्रवेश हो जाएगा।
- ओशो
.jpg)
No comments